बॉलीवुड तड़का टीम. आजकल हार्ट अटैक लोगों के लिए बेहद जानलेवा बन रहा है। आए दिन हार्ट अटैक से मरने वाले लोगों की खबरें सुनने को मिलती रहती हैं। मनोरंजन जगत से भी कई सितारे इसके चलते अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं, हाल ही में हिंदी सिनेमा के मशहूर डायरेक्टर संजय गढ़वी का भी हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनकी मौत की खबर सामने आते ही इंडस्ट्री में सन्नाटा पसर गया है।
‘धूम’ और ‘धूम 2’ जैसी फिल्मों को डायरेक्ट कर चुके संजय गढ़वी रविवार सुबह लोखंडवाला बैकरोड में मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इस दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया और तुरंत उन्हें नजदीकी कोकिलाबेन अंबानी हॉस्पिटल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने संजय मृत घोषित कर दिया।
57 वर्षीय संजय गढ़वी के निधन से उनका परिवार टूट गया है और इंडस्ट्री में भी शोक की लहर है। डायरेक्टर का अंतिम संस्कार आज शाम तक किया जा सकता है।
बता दें, संजय गढ़वी ने अपने करियर की शुरुआत 2001 में फिल्म ‘तेरे लिए’ से की थी। हालांकि यह फिल्म फ्लॉप रही थी। इसके बाद उन्होंने ‘मेरे यार की शादी है’, ‘किडनैप’, ‘अजब गजब लव’ और ‘ऑपरेशन परिंदे’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया था। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा पहचान फिल्म ‘धूम’ और ‘धूम 2’ के बाद मिली थी।